भारत इंफो : देशभर में नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर स्टूडेंट्स का प्रदर्शन अभी भी जारी है। इस बीच, सिटीजन फॉर जस्टिस एंड पीस (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके टाइफाइड से पीड़ित होने के बावजूद सामने आए हैं। उन्होंने एक वीडियो जारी कर दोटूक कहा है कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा नहीं दे देते, तब तक यह विरोध प्रदर्शन इसी तरह जारी रहेगा।
जालंधर में जेन-जी का धरना और प्रशासनिक तैयारी
नीट पेपर लीक के खिलाफ आज ‘जेन-जी’ (Gen-Z) युवा सड़कों पर उतरकर पुरजोर विरोध कर रहे हैं। पंजाब के जालंधर में बड़ी संख्या में छात्र डीसी ऑफिस के सामने धरना देकर बैठ गए हैं। छात्रों का साफ कहना है कि वे तब तक पीछे हटने वाले नहीं हैं जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते। छात्रों के इस व्यापक प्रदर्शन को देखते हुए जालंधर का जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है।
सुरक्षा के किए गए पुख्ते इंतजाम
कानून व्यवस्था को बनाए रखने और आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए डीसी कॉम्प्लेक्स के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने डीसी ऑफिस की ओर जाने वाले प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी है। प्रशासनिक अधिकारियों का इस संबंध में कहना है कि वे युवाओं से बातचीत करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन शहर की शांति और यातायात व्यवस्था को किसी भी कीमत पर बाधित नहीं होने दिया जाएगा।
किसानों का समर्थन और दिल्ली कूच का ऐलान
इस बीच, छात्रों के इस आंदोलन को देश के किसानों का भी बड़ा समर्थन मिल गया है। भारतीय किसान यूनियन (उगराहां) के प्रमुख किसान नेता जोगिंदर उगराहां ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि वे आगामी 27 जुलाई को छात्रों के समर्थन में दिल्ली कूच करेंगे। किसान नेता ने छात्रों की सभी मांगों को पूरी तरह से जायज ठहराया है और एक स्वर में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग का समर्थन किया है।