भारत इंफो : अमृतसर के अजनाला निवासी 24 वर्षीय गुरसेवक सिंह की स्लोवाकिया में पानी में डूबने से दुखद मौत हो गई है। गुरसेवक करीब आठ महीने पहले ही बेहतर भविष्य की तलाश में वर्क परमिट पर स्लोवाकिया गया था। इस हृदय विदारक खबर के मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गुरसेवक के बड़े भाई की शादी इस साल 31 दिसंबर को तय थी, जिसके चलते घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन अब इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
आखिरी फोन कॉल में कहा था, ‘मां, बहुत थक गया हूं’
शोक में डूबी मां ने नम आंखों से बताया कि शनिवार रात को ही उनकी बेटे से आखिरी बार बात हुई थी। गुरसेवक ने अपनी थकान जाहिर करते हुए कहा था कि उसने आज 12 घंटे की लंबी शिफ्ट की है और वह बहुत थक गया है। उसने बताया था कि वह कमरे पर खाना नहीं बनाएगा, बाहर खाकर आराम करेगा और बाद में बात करेगा। मां को यह अंदाजा भी नहीं था कि बेटे की यह आवाज वे आखिरी बार सुन रही हैं। कुछ ही देर बाद उन्हें स्लोवाकिया से गुरसेवक के डूबने की मनहूस खबर मिली।
पार्थिव शरीर को घर लाने की गुहार
पिता सरताज सिंह ने बिलखते हुए बताया कि बेटा परिवार का कर्ज उतारने और रोजी-रोटी कमाने के लिए विदेश गया था। उन्होंने बताया कि अभी तो कर्ज की मात्र एक ही किश्त जमा हो पाई थी कि उससे पहले ही यह हादसा हो गया। पिता ने केंद्र सरकार, पंजाब सरकार और स्लोवाकिया स्थित भारतीय दूतावास से भावुक अपील की है कि वे प्रशासनिक प्रक्रिया में मदद करें ताकि उनके बेटे का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द उनके पैतृक गांव पहुंच सके, ताकि वे उसका अंतिम संस्कार कर सकें।