Thursday, October 15, 2026
loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 32°C
Breaking News

पंजाब में पुलिस मुठभेड़ में आरोपी घायल, कारोबारी के घर चलाई थी गोलियां

भारत इंफो : गुरदासपुर के बटाला में कारोबारी के घर पर गोलीबारी करने के मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस आरोपी को हथियार बरामद कराने के लिए लेकर गई थी, जहां उसने कथित तौर पर पुलिस टीम पर ही फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

दो दिन पहले कारोबारी के घर हुई थी फायरिंग
जानकारी के अनुसार, बीते दिनों बटाला में एक कपड़ा कारोबारी के घर पर गोलीबारी की घटना हुई थी। बताया जा रहा है कि विदेश में बैठे गैंगस्टरों ने कारोबारी से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। फिरौती नहीं मिलने पर आरोपियों ने उसके घर पर फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की थी। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

आरोपी को हथियार बरामदगी के लिए ले गई थी पुलिस
बटाला पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया था। इनमें खजाला गांव निवासी बलदेव सिंह उर्फ करण भी शामिल था। पुलिस उसे हथियार बरामद करने के लिए मानेस गांव के पास नहर क्षेत्र में लेकर गई थी। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर गोली चला दी और भागने की कोशिश की।

जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली
SSP बटाला महताब सिंह के अनुसार, पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान बलदेव सिंह उर्फ करण के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। घायल आरोपी को तुरंत सिविल अस्पताल बटाला पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।घटना की सूचना मिलते ही फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई और सबूत जुटाने का काम शुरू कर दिया। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी के पास हथियार कहां से आए और इस वारदात में किन-किन लोगों की भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *