भारत इंफो : हिमाचल के कांगड़ा के सथाना गांव निवासी एक कैब चालक कल्याण चंद की जिंदगी एक झटके में बदल गई है। बठिंडा की एक साधारण सी यात्रा के दौरान खरीदी गई लॉटरी टिकट ने उन्हें रातों-रात करोड़पति बना दिया है। कल्याण चंद ने ‘पंजाब स्टेट डियर समर स्पेशल बंपर लॉटरी’ में 3 करोड़ रुपये का पहला पुरस्कार जीतकर एक नया इतिहास रचा है।
शौकिया खरीदारी बनी जीवन की बड़ी उपलब्धि
घटनाक्रम के अनुसार, कल्याण चंद कुछ दिन पहले ही अपने टैक्सी के काम के सिलसिले में बठिंडा पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अपनी किस्मत आजमाने के लिए शौकिया तौर पर लॉटरी की दो टिकटें खरीदीं, जो एक ही नंबर की ए और बी सीरीज की थीं। शुक्रवार को जब परिणाम घोषित हुए, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा, क्योंकि उनकी एक टिकट (नंबर बी-896239) पर 3 करोड़ रुपये का बंपर जैकपॉट निकल आया। अपने परिवार के साथ बठिंडा पहुंचे कल्याण चंद ने इसे किसी सपने के सच होने जैसा बताया।
पिता की निशानी को संवारने का संकल्प
इस भारी-भरकम इनामी राशि को लेकर कल्याण चंद ने एक बेहद नेक फैसला लिया है। उन्होंने बताया कि उनके दिवंगत पिता ने गांव में एक सराय (धर्मशाला) का निर्माण करवाया था, जो समय के साथ काफी जर्जर हो चुकी है। कल्याण चंद ने संकल्प लिया है कि वह सबसे पहले इस इनामी राशि से उस पुरानी सराय का पुनर्निर्माण कराएंगे।