भारत इंफो : महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) को उस समय बड़ा झटका लगा, जब पार्टी के 9 लोकसभा सांसदों में से 6 सांसदों ने बगावत कर दी। सूत्रों के अनुसार, इन सांसदों ने एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में विलय के लिए लोकसभा स्पीकर को पत्र भेजा है।
स्पीकर को भेजी गई विलय की चिट्ठी
जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे छह सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष Om Birla को पत्र भेजकर शिंदे गुट की शिवसेना में शामिल होने की इच्छा जताई। पत्र भेजने वाले सांसदों में नागेश पाटिल अष्टीकर और संजय दीना पाटिल का नाम भी शामिल बताया जा रहा है।
संजय दीना पाटिल ने पहले किया था इनकार
दिलचस्प बात यह है कि संजय दीना पाटिल ने हाल ही में पार्टी छोड़ने की अटकलों को खारिज किया था। उन्होंने सार्वजनिक रूप से कहा था कि वह उद्धव ठाकरे की पार्टी के सांसद हैं और भविष्य में भी उसी पार्टी के साथ बने रहेंगे। हालांकि अब उनके नाम के भी बागी सांसदों की सूची में शामिल होने की चर्चा है।
चार साल में दूसरी बार टूटी शिवसेना
पिछले चार सालों में यह दूसरी बार है जब शिवसेना में बड़ी टूट देखने को मिली है। इससे पहले जून 2022 में Eknath Shinde के नेतृत्व में 39 विधायक पार्टी से अलग हो गए थे। उस बगावत के बाद उद्धव ठाकरे सरकार गिर गई थी। बाद में शिंदे गुट को चुनाव आयोग और अन्य संवैधानिक प्रक्रियाओं के तहत शिवसेना का नाम और धनुष-बाण चुनाव चिह्न भी मिल गया था।