loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 39°C
Breaking News

पहले की हत्या, फिर शव को अटैची में भर जंगल ले गया; नवांशहर कांड से दहला पंजाब

भारत इंफो : पंजाब के नवांशहर जिले से एक दिल दहला देने वाला हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने 16 वर्षीय किशोरी की हत्या के आरोप में उसकी मां के प्रेमी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी ने पहले किशोरी की गला दबाकर हत्या की और बाद में शव को अटैची में बंद कर जंगल में ले जाकर जला दिया।

गुमशुदगी की शिकायत से शुरू हुई जांच
मामले का खुलासा करते हुए तुषार गुप्ता ने बताया कि 2 जून को मृतका की मां ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत में कहा गया था कि 29 मई को जब वह काम पर गई हुई थी, तब उसकी नाबालिग बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

जांच में सामने आया चौंकाने वाला सच
पुलिस जांच के दौरान संदेह गांव जाडली निवासी गुरविंदर सिंह उर्फ गुरप्रीत उर्फ गोप्पा पर गया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने कथित तौर पर हत्या की बात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि 29 मई को किशोरी घर में अकेली थी। इसी दौरान उसने उसका गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को अटैची में बंद किया और गढ़शंकर के गांव खुरालगढ़ के जंगलों में ले जाकर आग लगा दी।

जला हुआ शव बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर जंगल क्षेत्र से जले हुए शव के अवशेष बरामद कर लिए हैं। अधिकारियों के अनुसार शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा ताकि अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों की पुष्टि की जा सके। जांच में सामने आया है कि आरोपी के मृतका की मां के साथ कथित प्रेम संबंध थे। वह अक्सर महिला के घर आता-जाता था। पुलिस के अनुसार किशोरी को यह संबंध पसंद नहीं था और वह इसका विरोध करती थी। जांच एजेंसियों का मानना है कि इसी वजह से आरोपी ने किशोरी को रास्ते का रोड़ा समझकर उसकी हत्या कर दी।

गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाने भी पहुंचा था आरोपी
मामले का एक चौंकाने वाला पहलू यह भी सामने आया है कि किशोरी के लापता होने के बाद आरोपी उसकी मां के साथ थाने भी गया था। वह पुलिस से मामले की जानकारी लेता रहा और खुद को अनजान दिखाने की कोशिश करता रहा। हालांकि जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को उस पर शक हुआ और पूछताछ में पूरे मामले का खुलासा हो गया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *