भारत इंफो : जालंधर के जिला प्रशासकीय और न्यायिक परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। सूचना मिलते ही पंजाब पुलिस, डॉग स्क्वायड और एंटी साबोटाज विंग की अलग-अलग टीमों ने कोर्ट कॉम्प्लेक्स में व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया। पुलिस की टीमें परिसर के हर हिस्से की बारीकी से जांच कर रही हैं ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।
मेटल डिटेक्टर के बावजूद सख्त जांच
कोर्ट परिसर में पहले से मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं, लेकिन धमकी को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है। परिसर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जांच की जा रही है और तलाशी के बाद ही अंदर जाने की अनुमति दी जा रही है।फिलहाल जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है।
स्कूलों के बाद अब कोर्ट को मिली धमकी
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए एडवोकेट करन कुमार भगत ने कहा कि यह बेहद चिंताजनक स्थिति है। उन्होंने कहा कि पहले स्कूलों को धमकी भरे ईमेल मिल रहे थे और अब न्यायिक संस्थानों को भी निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने साइबर क्राइम एजेंसियों से मामले की गहन जांच करने की मांग करते हुए कहा कि धमकी भरे ईमेल भेजने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
सामान्य रूप से जारी रहा कामकाज
धमकी के बावजूद कोर्ट परिसर को खाली नहीं कराया गया। न्यायिक और प्रशासनिक कार्य सामान्य रूप से जारी रहे। हालांकि सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस और अन्य एजेंसियों की तैनाती बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।