भारत इंफो : पंजाब में आज सुबह करीब 5:30 बजे समाना-पटियाला रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। मिली जानकारी के अनुसार, गांव फतेहपुर के पास पंजाब रोडवेज (PRTC) की एक बस और सामने से आ रही एक निजी कार के बीच इतनी जबरदस्त भिड़ंत हुई कि कार के परखच्चे उड़ गए।
इस भीषण टक्कर में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार उसकी पत्नी और एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि बस का कंडक्टर भी इस दुर्घटना में जख्मी हुआ है।
हरियाणा से खुशियां मनाकर लौट रहा था परिवार
हादसे का शिकार हुआ यह परिवार हरियाणा के अंबाला में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रहा था। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत समाना के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटियाला रेफर कर दिया है। फिलहाल घायलों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।