भारत इंफो : पंजाब के लुधियाना में सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम पर एक बड़ी वारदात को अंजाम देने की धमकी दी गई है। भाजपा नेता और कारोबारी गुरबीर सिंह को एक विदेशी नंबर से कॉल और मैसेज कर 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई है। फिरौती मांगने वाले ने कहा कि अगर दो दिन के भीतर पैसों का इंतजाम नहीं हुआ, तो उन्हें जान से हाथ धोना पड़ेगा। इस घटना के बाद से कारोबारी जगत और राजनीतिक गलियारों में दहशत का माहौल है। गुरबीर सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पुलिस को सूचित किया है।
18 फरवरी को मिली थी पहली बार धमकी
धमकी देने का सिलसिला 18 फरवरी को शुरू हुआ, जब गुरबीर सिंह के मोबाइल पर पहला वॉयस मैसेज आया। शुरुआत में उन्होंने इसे कोई शरारत समझकर नजरअंदाज कर दिया, लेकिन 22 फरवरी को आए दूसरे मैसेज ने उनके होश उड़ा दिए। इस बार मैसेज में बेहद खौफनाक लहजे में लिखा गया था कि तुम कॉल्स को तो इग्नोर कर रहे हो, लेकिन गोलियों को कैसे इग्नोर करोगे? गैंगस्टर ने यह भी चेतावनी दी कि पुलिस उन्हें नहीं बचा पाएगी और अब अगली बार कॉल नहीं बल्कि सीधा ‘मुलाकात’ होगी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच तेज
लगातार मिल रही धमकियों और अपनी पल-पल की रेकी की बात सुनकर भाजपा नेता गुरबीर सिंह काफी मानसिक तनाव में हैं। उन्होंने पुलिस को वे सभी वॉयस नोट और व्हाट्सएप मैसेज सौंप दिए हैं जो उन्हें विदेशी नंबरों से प्राप्त हुए थे। लुधियाना पुलिस ने इस मामले में आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और साइबर सेल की मदद से नंबरों को ट्रैक किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे हर पहलू से जांच कर रहे हैं ताकि अपराधी की असलियत का पता लगाया जा सके।