भारत इंफो : जालंधर के व्यस्त माने जाने वाले अवतार नगर इलाके में बीती रात चोरों ने कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने इलाके के प्रसिद्ध ‘छाबड़ा जनरल स्टोर’ को अपना निशाना बनाया और वहां रखी नकदी लेकर फरार हो गए। यह पूरी घटना दुकान के भीतर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना सुबह तड़के करीब 3:30 बजे हुई है।
35 हजार रुपए लेकर चोर फरार
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि एक शातिर चोर दुकान के ताले तोड़कर बड़ी चालाकी से अंदर दाखिल हुआ। अंदर घुसते ही उसने सीधे तिजोरी और गल्ले की तलाश शुरू की। कुछ ही देर की छानबीन के बाद आरोपी ने तिजोरी से लगभग 35 हजार रुपये की नकदी निकाली और रफूचक्कर हो गया।
मंडी में भुगतान के लिए रखी थी नकदी
चोरी का खुलासा सुबह उस वक्त हुआ जब दुकानदार के बेटे युवी ने बताया कि पापा करीब 7:30 बजे दुकान खोलने पहुंचे। शटर के ताले टूटे देख उनके होश उड़ गए। चोरी की गई यह राशि मंडी में सामान का भुगतान करने के लिए इकट्ठा की गई थी। वारदात की सूचना मिलते ही थाना भार्गव कैंप की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
इलाके में पहले भी हो चुकी है कई घटनाएं
स्थानीय निवासियों और पीड़ित परिवार ने इस घटना पर गहरा रोष व्यक्त किया है। उनका कहना है कि मुख्य सड़क पर लगातार आवाजाही होने के बावजूद चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इसी रोड पर पहले भी चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं। फिलहाल, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।