loader-image
Jalandhar, IN
temperature icon 14°C
Breaking News

जालंधर पहुंचे DGP गौरव यादव का बड़ा बयान, पंजाब के युवाओं को मोहरा बना रहे हैं विदेशी गैंगस्टर

भारत इंफो : पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने आज पुलिस लाइन्स जालंधर में एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की नवनिर्मित और अत्याधुनिक इमारत का भव्य उद्घाटन किया। लगभग 1.60 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस भवन को नशे के खिलाफ चल रही जंग में एक मील का पत्थर माना जा रहा है। इस अवसर पर डीजीपी ने पुलिस की उपलब्धियों का ब्यौरा देते हुए बताया कि 20 जनवरी के बाद से अब तक उनकी टीम ने 10 हजार से अधिक गिरफ्तारियां की हैं, हालांकि गहन जांच के बाद निर्दोष पाए गए कुछ लोगों को रिहा भी किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गैंगस्टरों के खिलाफ पुलिस का अभियान पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

विदेश में बैठे गैंगस्टरों पर रेड कॉर्नर नोटिस
तरनतारन में आम आदमी पार्टी के सरपंच की हत्या और गैंगस्टर लंडा द्वारा सोशल मीडिया पर इसकी जिम्मेदारी लेने के मामले में डीजीपी ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि विदेश में बैठे गैंगस्टर भारतीय युवाओं को पैसों का लालच देकर गुमराह कर रहे हैं और उनसे आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिलवा रहे हैं। इन अपराधियों पर नकेल कसने के लिए रेड कॉर्नर और ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किए जा रहे हैं।

धमकियों के पीछे विदेशी हाथ
ई-मेल के जरिए मिल रही धमकियों पर डीजीपी ने कहा कि वर्तमान में भारत-बांग्लादेश के बीच चल रहे कुछ विवादों का फायदा उठाकर शरारती तत्व माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन इन ई-मेल धमकियों के स्रोत की जांच कर रहा है और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

बॉर्डर से बड़ी संख्या में नशा व हथियार बरामद
वहीं, पाकिस्तान से आने वाले ड्रोन और हथियारों के मुद्दे पर उन्होंने बताया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत एंटी-ड्रोन सिस्टम के जरिए बड़ी संख्या में हथियार और नशा बरामद किया गया है। डीजीपी के अनुसार, दिल्ली और हरियाणा की तुलना में पंजाब में अपराध दर कम है और राज्य पुलिस इसे और न्यूनतम करने के लिए प्रतिबद्ध है।

लक्की ओबरॉय मर्डर केस में बड़ी कामयाबी
प्रसिद्ध लक्की ओबरॉय हत्याकांड का जिक्र करते हुए डीजीपी ने बताया कि इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसमें उन दो लोगों को भी दबोचा गया है जिन्होंने आरोपियों को पनाह दी थी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि मामले का मुख्य आरोपी भी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *