भारत इंफो : पंजाब में गैंगस्टरों की ओर से लगातार फिल्मी कलाकारों, गायकों और कारोबारियों को धमकी भरे फोन कॉल आ रहे हैं। कई मामलों में फिरौती न देने पर आरोपियों ने दहशत फैलाने के इरादे से दफ्तरों और घरों के बाहर फायरिंग भी की है। इन घटनाओं में कुछ लोग हादसों का शिकार भी हो चुके हैं, जिससे प्रदेश में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
अकाली दल नेता को धमकी, मांगी 5 करोड़ की फिरौती
इसी कड़ी में अब मोहाली से शिरोमणि अकाली दल के प्रधान, खेल प्रमोटर और समाजसेवी परमिंदर सिंह सुहाना को धमकी मिलने का मामला सामने आया है। गैंगस्टरों की ओर से आए धमकी भरे फोन कॉल के बाद अकाली दल में खलबली मच गई है। धमकी देने वाले व्यक्ति ने फोन पर परमिंदर सिंह सुहाना से 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी है।
कॉल करने वाले ने कहा कि अगर जल्द फिरौती का इंतजाम नहीं किया गया तो पूरे परिवार को गोली मार दी जाएगी। यह कॉल विदेशी नंबर से आने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने दर्ज की FIR, जांच शुरू
धमकी भरे फोन कॉल मिलने के बाद परमिंदर सिंह सुहाना की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर ली है और कॉल की लोकेशन, नंबर व गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई है।