भारत इंफो, जालंधर : पंजाब में बाढ़ पीड़ितों की मदद को लेकर राजनीति गर्मा गई है। पंजाब भाजपा प्रधान सुनील जाखड़ ने कहा कि नुकसान का असल सच तब पता चलेगा जब पानी नीचे उतरेगा। ये समय राजनीति का नहीं, मैं सिर्फ सीएम मान को उनकी जिम्मेदारियां याद करवाने आया हूं कि वह इससे भागें न।
सीएम लोगों को भटकाने की कोशिश कर रहे
पंजाब बीजेपी प्रधान सुनील जाखड़ ने कहा- बाढ़ का पानी जब नीचे जाएगा तो तब असल नुकसान के बारे में पता चलेगा। बहुत सा मुश्किल समय हमारे सामने खड़ा है। ये समय राजनीति करने का नहीं, मगर मैं आज सिर्फ पंजाब के मुख्यमंत्री को याद करवाने आया हूं कि आप जिम्मेदारी से भागें नहीं। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान लोगों को भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।
भगवंत मान को 8-60 में फर्क नहीं पता
जाखड़ ने आगे कहा भगवंत मान ने कहा था कि 60 हजार करोड़ का बकाया है। सीएम को 8 और 60 हजार करोड़ रुपए में फर्क नहीं पता। जो मांग पत्र केंद्र को दिया गया, जिसमें प्रतीकात्मक चीजों को दर्शाया गया। जिन चीजों के टेंडर तक नहीं लगे, उक्त चीजों के पैसे भी जोड़कर पैसा बताया जा रहा है। जिसके आधार पर राज्य सरकार 60 हजार रुपए जोड़कर बैठी है। ये सरकार का गैर जिम्मेदाराना अंदाज जताता है।
सरकार केजरीवाल चला रहे
जाखड़ ने आगे कहा- सीएम मान चाहे अभी इलाज के लिए अस्पताल में ही रहते। क्योंकि सरकार वैसे भी अरविंद केजरीवाल चला रहे हैं। केंद्र से पैसे लेने को लेकर हर नेता और अधिकारी का बयान अलग अलग है। ये सरकार का गैर जिम्मेदाराना स्वभाव है।
सीएम को अपने मंत्रियों का नाम तक नहीं पता
जाखड़ ने आगे कहा कि सीएम ने कहा था कि आपदा मैनेजमेंट का पैसा हमारे पास पड़ा है और हम इसका इस्तेमाल करके दिखाएंगे। मगर अब फिर सीएम आपदा के लिए पैसा मांग रहे हैं। फिर भी हमारी सरकार ने राज्य सरकार को तुरंत प्रभाव से करीब 1600 करोड़ रुपए जारी करने का ऐलान किया। हमें तरस आता है कि पंजाब सरकार कैसे लोगों के हाथों में चली गई है। सीएम मान को अपने मंत्रियों का नाम तक नहीं पता होगा और ना ही उन्हें ये पता होगा कि किस मंत्री के पास कौन सा विभाग है और क्या काम उस विभाग में होता है।